बस की चपेट में आकर ट्रांसपोर्टर की मौत के मामले में पुलिस ने बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। ट्रांसपोर्टर के बहनोई आकाश निवासी नगला खिताब ने बस चालक पर लापरवाही से बस को पीछे हटाने और उसकी चपेट में आकर उनकी पत्नी के भाई अंकित निवासी झबरेड़ा की मौत होने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, आकाश की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि उनकी पत्नी का भाई अंकित 24 सितंबर को लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर अपने कंटेनर ट्रक में मिस्त्री से कार्य करा रहा था। मिस्त्री की दुकान के बाहर ट्रक में मरम्मत कार्य कराते समय वह ट्रक के पिछले हिस्से की ओर खड़ा था। तभी यहां खड़ी एक बस के चालक ने लापरवाही से बस को पीछे हटाया।
बस को पीछे हटाते समय अंकित बस और ट्रक के बीच आ गया और बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगाें के शोर मचाने पर चालक ने बस को रोका इसके बाद वह वाहन को मौके पर छोड़कर निकल गया। गंभीर रूप से घायल अंकित को पास के अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। अंतिम संस्कार के बाद वह पुलिस के पास पहुंचे। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।