नाबालिग छात्रा से स्कूल में पढ़ने वाले सहपाठी और उसके परिचित युवक ने छेड़छाड़ कर दी। आरोप है कि छात्रा की रिश्ते की ताई ने उसे झांसे में लेकर हजारों की ठगी करने के साथ ही जेवर भी चोरी कर लिए। पुलिस ने रिश्ते के सहपाठी, परिचित के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो समेत उसकी ताई के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी महिला ने बताया कि उसके पति को कैंसर है और दिल्ली से उपचार चल रहा है। वह इलाज के सिलसिले में पति के साथ दिल्ली जाती हैं। नाबालिग बेटी घर पर रहती है और एक स्कूल में पढ़ती है। आरोप है कि वह कुछ दिन पूर्व पति को लेकर दिल्ली गई थी। इसी बीच उसकी जेठानी ने बेटी के साथ पढ़ने वाले सहपाठी को घर बुला लिया और छेड़छाड़ करवा दी। इतना ही नहीं झांसे में लेकर उसने बेटी से घर में रखी 65 हजार की नगदी ले ली और पांच तोले सोने के जेवर चोरी कर लिए। इतना ही नहीं उसकी बेटी के मोबाइल से फोटो खींच लिए। जब वह घर आई तो बेटी ने जानकारी दी।
उसने जेठानी से अपनी रकम और जेवर वापस मांगे तो महिला ने एक अन्य युवक से जान से मारने की धमकी दिलाई। साथ ही रुपये और जेवर वापस करने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला बेटी को साथ लेकर कोवताली पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि छात्रा के सहपाठी और उसके परिचित युवक के खिलाफ छेड़छाड़ व पॉक्सो, महिला की जेठानी पर पैसे और जेवर ऐंठने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।