लक्सर/खानपुर। बरात में डीजे पर मनपसंद गाने बजाने को लेकर हुई मारपीट में बराती की मौत के मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
कलियर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर पांडा गांव निवासी युवक की बुधवार को शादी थी। बरात लक्सर क्षेत्र के अकोढ़ा खुर्द में आई थी। इस दौरान डीजे पर मनपसंद गाने बजाने को लेकर गांव के युवकों का बरातियों से विवाद हो गया था। गांव के युवकों ने लाठी, डंडों से बरातियों पर हमला बोल दिया था। मारपीट में बराती बसंत की मौत हो गई थी जबकि दूल्हे के भाई राहुल, प्रदीप कुमार, अरुण और अरविंद घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इसके बाद परिजन शव को गांव ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। बृहस्पतिवार को मृतक के भाई सुशील ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर अमन, कार्तिक, रजनीश, खल्ली, अक्षय, अंकुर उर्फ मीटू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।