ठेकेदार का अपहरण कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने ठेकेदार की फर्म में काम करने वाले सुपरवाइजर सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के भुरनी खतीरपुर गांव निवासी सकटूराम ठेकेदारी का कार्य करता है। उसने सकटूराम कांट्रेक्टर के नाम से अपनी फर्म भी बनाई हुई है।
उसके बेटे अंकुर ने शुक्रवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि गांव के ही रोहताश का बेटा योगेंद्र उनकी फर्म में सुपरवाइजर के पद पर कार्य करता था। इसलिए फर्म से संबंधित तमाम कागजात योगेंद्र के पास ही रहते थे। आरोप है कि इस दौरान सुपरवाइजर ने उसके पिता के फर्जी हस्ताक्षर कर एक समझौतानामा तैयार कर लिया। इसमें उसने स्वयं को सुपरवाइजर के स्थान पर फर्म में पार्टनर दिखाते हुए उसके पिता पर छह लाख की देनदारी दिखा दी। आरोप है कि जब पिछले दिनों मामला उनके पिता की जानकारी में आया तो उन्होंने योगेंद्र की इस हरकत का विरोध किया।