नगर निगम सभागार में हुए अश्लील डांस और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला तब सामने आया जब निगम सभागार में फूहड़ डांस का का वीडियो सोशलमीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इससे शहरभर में आक्रोश फैल गया।
नौ अक्तूबर की शाम नगर निगम सभागार को वार्ड नंबर-एक की पार्षद सोनिया देवी के नाम पर कवि सम्मेलन के लिए बुक कराया गया था लेकिन आयोजन स्थल पर कवि सम्मेलन के बजाय यूट्यूबर का जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। समारोह के दौरान कुछ युवतियों ने अश्लील डांस किया जिससे नगर निगम की गरिमा को ठेस पहुंची। इतना ही नहीं, कार्यक्रम के दौरान सभागार में लगी कुर्सियों और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया।
घटना के बाद नगर के कई जनप्रतिनिधियों ने इसपर कड़ी आपत्ति जताई और नगर निगम प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। पार्षद सोनिया देवी समेत अन्य पार्षदों ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।