गंगनहर में कूदकर लापता हुई महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का केस दहेज हत्या में तरमीम करते हुए पति समेत तीन को नामजद किया है। साथ ही आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
कलियर थाना क्षेत्र के तेलीवाला गांव निवासी शिवानी की शादी करीब एक वर्ष पहले सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के बेलड़ा गांव निवासी युवक से हुई थी। छह मार्च को वह अपने पति के साथ सुनहरा क्षेत्र में एक रिश्तेदारी में आई थी। ससुराल पक्ष का कहना है कि यहां से मायके जाते समय सोलानी पार्क के पास उसने गंगनहर में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की थी।
बीते मंगलवार को महिला का शव बहसूमा, मवाना, जिला मेरठ, उप्र स्थित गंगनहर से बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार के बाद विगत बृहस्पतिवार को मायके पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर पति पर हत्या का आरोप लगाया। वहीं ससुराल पक्ष ने पुलिस को बताया कि महिला ने तनाव के चलते खुद ही यह कदम उठाया। विवेचना अधिकारी नरेंद्र राठी ने शव की बरामदगी होने के बाद गुमशुदगी को दहेज हत्या की धारा में तरमीम कर दिया है। मामले में पति सौरभ समेत तीन को नामजद करने के बाद आरोपाें की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।