12वीं की छात्रा ने कॉलेज के शिक्षक पर कोल्ड ड्रिंक्स में नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने के बाद दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि शिक्षक कई महीने से उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर दुष्कर्म कर रहा था। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच ुशुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 12वीं की एक छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कॉलेज के एक शिक्षक ने जुलाई 2020 में उसको घर पर अंग्रेजी का ट्यूशन पढ़ने के लिए बुलाया था। एक दिन उसने कोल्ड ड्रिंक्स में कोई नशीली दवा मिलाकर छात्रा को पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। होश में आने पर उसने अपने कपड़े अलग देखे तो सारी बात समझ गई। उसने परिजनों को जानकारी देने की बात कही तो शिक्षक ने बताया कि उसने अश्लील वीडियो भी बनाई है। धमकी दी कि यदि परिवार वालों को जानकारी दी तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देगा। इसके बाद शिक्षक ने अकेला पाकर उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आखिरकार ज्यादती से तंग आकर छात्रा ने परिवार और पुलिस को पूरी बात बता दी। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।