भाकियू क्रांति के कार्यकर्ताओं की ओर से 11 सूत्री मांगों को लेकर जाम लगाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अब इस मामले में पुलिस ने यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित करीब 250 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
तीन दिन पहले भारतीय किसान यूनियन क्रांति ने 11 सूत्री मांगों को लेकर लक्सर के कोतवाली मोड़ से शिव चौक, फ्लाईओवर होते हुए कस्बे में बालावाली तिराहे तक ट्रैक्टर रैली निकाली थी। बालावाली तिराहे पर ज्ञापन लेने के लिए लक्सर एसडीएम पहुंचे थे लेकिन यूनियन के नेता मांगपत्र लेने के लिए डीएम को बुलाने की जिद पर अड़ गए थे। इसके चलते पुरकाजी हरिद्वार नेशनल हाईवे और लक्सर, रायसी, बालावाली, बिजनौर रोड पर जाम लग गया था।
पुलिस के मुताबिक उनके प्रदर्शन के कारण दोनों मुख्य मार्गों पर दोपहर दो बजे से चार बजे तक रूट डायवर्ट करना पड़ा था। बाद में यूनियन ने मांगपत्र एसडीएम को सौंपकर प्रदर्शन खत्म किया था। प्रदर्शन के दौरान जाम लगने के मामले में लक्सर कोतवाली के एसएसआई मनोज गैरोला ने यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सैनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनोद प्रजापति, राष्ट्रीय प्रवक्ता तौफीक अहमद, राष्ट्रीय महामंत्री अजय वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष पंकज सैनी, जिलाध्यक्ष इरफान अली व अनिल चौधरी सहित 250 लोगों के खिलाफ लक्सर कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।