भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत नौ नामजद आरोपियों और 150 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
किसानों की समस्याओं को लेकर गुड़मंडी पर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) की ओर से महापंचायत की गई थी। यूनियन के नेता जिला गन्ना अधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे। लेकिन, जब वह मौके पर नहीं आए तो आक्रोशित किसानों ने गुड़मंडी के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया था। हालांकि पुलिस ने सड़क के दूसरी ओर से यातायात को जारी रखा था। अब पुलिस ने इस मामले में किसानों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई चंद्र मोहन सिंह ने भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर, जिलाध्यक्ष विकेश चौधरी, अखिलेश सिंह, अवधेश राठी, विशाल राणा, शमशाद, मुकेश चौधरी, अमित कुमार, कुलदीप मलिक को नामजद करते हुए 150 अज्ञात किसानों के खिलाफ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान का कहना है कि नामजद लोगों के अलावा अन्य लोगों को मौके पर की गई वीडियोग्राफी के जरिए पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्दी ही आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।