पुलिस ने एक महिला की तहरीर पर छह महिलाओं सहित 15 लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़, तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिरान कलियर थाना क्षेत्र के इमलीखेड़ा निवासी नगमा ने तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 20 फरवरी 2018 को शौकीन निवासी शांतरशाह के साथ हुई थी। ससुराल वाले उसे परेशान करने लगे। ससुरालवालों की जमीन इमलीखेड़ा में भी थी। ससुरालवालों ने बंटवारे की जमीन इमलीखेड़ा में दे दी। लड़ाई-झगड़े से परेशान होकर वह अपने पति और बच्चों के साथ इमलीखेड़ा में मकान बनाकर रहने लगी।
आरोप है कि करीब एक साल पहले उसका पति भी उसके साथ झगड़ा कर इमलीखेड़ा निवासी शहबान को मकान बेचकर फर्जी बैनामा कर अपने घर शांतरशाह चला गया। वह अपने दो बच्चों के साथ इमलीखेड़ा में ही मकान में अकेली रहने लगी। तीन चार दिन पहले वह अपने घर पर ताला लगाकर बेलड़ा गांव में अपनी मायके आ गई।
बृहस्पतिवार को उसे जानकारी मिली कि शहबान ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके घर पर ताला लगा दिया है। वह अपने घर पहुंची और पुलिस को सूचना दी। इसी बीच शहबान अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे और तमंचा लेकर उसके घर में घुस आया। तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए घर में तोड़फोड़ कर दी।
घर में रखी नकदी, मायके से लाई गई वाशिंग मशीन, फ्रिज, बर्तन, फर्नीचर अन्य सामान उठाकर ले गए। एसएसआई बीएस चौहान ने बताया कि महिला की तहरीर पर शहबान, साकिब, शाहिद, आमिल, वसीम, जव्वाद, शौकीन, गुलबशर, जाहिद, फय्याज, सिबरा, मेविश, मिसया, गुलिस्ता, रिहाना निवासी इमलीखेड़ा थाना पिरान कलियर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।