एक नामी कंपनी के स्टीकर और लेबल लगाकर फ्लोर क्लीनर बिक्री करने की शिकायत पर पुलिस ने एक दुकान पर छापा मारा। इस दौरान दुकान बंद मिली। पुलिस ने मालिक से चाबी लेकर दुकान खुलवाई। वहां दुकान के अंदर बड़ी मात्रा में कंपनी के लेबल और स्टीकर लगा नकली सामान मिला। पुलिस ने सामान को कब्जे में लेकर दुकान स्वामी के खिलाफ कॉपीराइट का केस दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को महाराष्ट्र के पालघर स्थित लाइजोल कंपनी के अधिकारी प्रदीप झा ने बृहस्पतिवार को शिकायत कर बताया था कि बेलड़ी गांव में एक दुकान पर उनकी कंपनी के नाम से नकली फ्लोर क्लीनर बेचा जा रहा है। शिकायत पर पुलिस ने बेलड़ी स्थित एक दुकान पर छापा मारा। इस बीच दुकान पर ताला लगा मिला। पुलिस ने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि दुकान किराये पर दी हुई है।
इस पर दुकान मालिक को बुलाकर चाबी लेकर ताला खोला गया। इस बीच कंपनी के अधिकारी ने जांच की तो कंपनी के लेबल और स्टीकर लगी 539 नकली क्लीनर की बोतलें मिलीं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में स्टीकर भी मिले। साथ ही नौ अन्य कंपनी के लेबल लगा सामान भी बरामद हुआ। इसमें 74 शीट भी शामिल थीं। पुलिस ने सारा सामान कब्जे में ले लिया और कोतवाली ले आई। मामले में कंपनी के अधिकारी ने दुकान स्वामी के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि धीरज सिंह निवासी गांव सराय दान शाह, कतरौलीपुर, दुर्गा फुलपुर, इलाहाबाद उत्तर प्रदेश के खिलाफ कॉपीराइट का केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही दुकानदार की तलाश की जा रही है।