यदि आपका बच्चा या आप खेलों में अपना कॅरिअर बनाना चाहते हैं तो स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में प्रवेश लेना का सुनहरा मौका है। कॉलेज ने ऐसे खिलाड़ी छात्रों से आवेदन मांगे हैं जो कक्षा छह और नौ में प्रवेश लेना चाहते हैं।
ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बच्चे किशोरावस्था में ही खेलों में रुचि लेने लगते हैं। यह बच्चे विभिन्न प्रतियोगिताएं जीतते हैं, लेकिन कोचिंग और मार्गदर्शक न होने से आगे नहीं बढ़ पाते। लेकिन इस शिक्षा सत्र में ऐसे छात्र जो फुटबाल, वॉलीबाल, बॉक्सिंग, क्रिकेट, हॉकी, बैडमिंटन, जूड़ो, टेबल टेनिस में प्रवेश लेकर अपना कॅरिअर बनाना चाहते हैं वह स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में कक्षा छह एवं नौ में प्रवेश ले सकते हैं। कक्षा छह में प्रवेश के लिए 12 वर्ष की उम्र होनी चाहिए और कक्षा नौ में प्रवेश के लिए 15 वर्ष से कम उम्र होनी चाहिए। इसके लिए 20 अप्रैल को जिला रोशनाबाद स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में ट्रायल्स लिए जाएंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी एसके डोभाल ने बताया कि 20 अप्रैल को जिलास्तर पर होने वाले ट्रायल्स के लिए खिलाड़ी छात्र उसी दिन तक आवेदन जमा कर सकते हैं। इस ट्रायल के बाद प्रदेशस्तरीय फाइनल चयन पांच मई से दस मई तक देहरादून में होगा।