हिमाचल प्रदेश के सिपाही को हथियार दिखाकर तीन बदमाशों ने कार लूट ली और फरार हो गए। सिपाही ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए कांबिंग की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर लूट का केस दर्ज कर लिया है।
हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर के तहसील सांगला ग्राम किल्बा निवासी चंद्र प्रकाश ने मंगलौर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह हिमाचल प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। सिपाही ने बताया कि 22 नवंबर को वह अपनी कार से घूमने के लिए देहरादून आया था। 26 नवंबर की रात वह देहरादून से कार से दिल्ली जाने के लिए निकला था। जैसे ही वह मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लिब्बरहेड़ी के पास पहुंचा तो उसे झपकी आने लगी।
Uttarakhand Crime: यूपी के ट्रैक्टर चालक की हाईवे पर गोली मारकर हत्या, सीट पर खून से लथपथ मिला शव
उसने कार हाईवे के किनारे लगा दी और शीशा बंद करके सो गया। करीब तीन बजे तीन लोगों ने कार की खिड़की खटखटाई। इस पर सिपाही ने खिड़की खोल दी। इस बीच एक बदमाश ने रिवाॅल्वर तान दी। दूसरे ने चाकू दिखाकर सिपाही को आतंकित कर कार से बाहर निकाल लिया। इसके बाद तीनों कार लूटकर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार लूट का केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही बदमाशों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।I