व्यापारी से नकदी छीनने के मामले में पुलिस ने दर्जनों सीसीटीवी कैमरे खंगाले लेकिन पुलिस को अब तक सफलता नहीं मिली है। उधर, व्यापारी ने अब तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने व्यापारी को कार्रवाई के लिए थाने में बुलवाया है।
मंगलौर निवासी व्यापारी प्रेमचंद झबरेड़ा में दुकानों पर परचून आदि सामान आपूर्ति करने का व्यापार करता है। सप्ताह में एक दिन वह झबरेड़ा में आकर सामान का भुगतान लेने आता है। शनिवार को दोपहर बाद वह झबरेड़ा में साप्ताहिक भुगतान लेने आया था। जब वह झंडा चौक के पास नरेंद्र की दुकान पर लेनदेन कर रहा था तो उसी दौरान अचानक उनके पास आकर एक बदमाश ने व्यापारी की जेब से 15 हजार की नकदी निकाल ली और फरार हो गया था।
इस घटना के बाद से पुलिस बदमाश की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। वहीं पीड़ित पक्ष के घर रविवार को कोई कार्यक्रम होने की वजह से वह थाने में तहरीर देने नहीं पहुंचा। इस पर पुलिस ने उसको अग्रिम कार्रवाई के लिए थाने में आने की सूचना भेजी है। थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र राठी ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगी हुई है। सीसीटीवी कैमरे व मोबाइल लोकेशन पर काम चल रहा है। आरोपी को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।