रुड़की। रात में प्रेमिका से मिलने आए तीन युवकों को लोगों ने चोर समझकर पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तीनों युवकों का चालान कर दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित लालकुर्ती निवासी युवती का क्षेत्र के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। बताया जाता है कि रविवार रात युवती के परिजन बाहर गए थे। इस पर युवती ने प्रेमी को कॉल कर घर बुला लिया। युवक अपने दो दोस्तों के साथ प्रेमिका के घर पहुंचा। युवक प्रेमिका के घर के अंदर चला गया, जबकि उसके दो दोस्त बाहर ही खड़े हो गए। रात में अनजान युवकों को खड़ा देख आसपास के लोगों ने उन्हें चोर समझकर पकड़ लिया। युवकों ने अपने दोस्त के घर के अंदर होने की जानकारी दी तो लोगों ने दरवाजा खुलवाकर उसे भी बाहर निकाल लिया। उन्होंने तीनों दोस्तों की जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और तीनों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तीनों का चालान कर दिया है।