आईआईटी रुड़की में तीन दिनी तकनीकी महोत्सव काग्रिजेंस-2017 का आगाज शुक्रवार को होगा। इसमें तकनीक के विभिन्न रंगों के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी। साथ ही सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
आईआईटी के मल्टी एक्टीविटी सेंटर में आयोजित पत्रकार वार्ता में काग्रिजेंस-2017 के आयोजक सदस्यों और फैकल्टी मेंबर्स ने बताया कि इस बार काग्रिजेंस में तकनीकी शोधों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यही कारण है कि इसकी थीम यूरेका-2.0 रखी गई है। आयोजन में तकनीकी दुनिया के दिग्गजों की अेार से कार्यशाला और प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जो छात्रों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। इस बार काग्रिजेंस में सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके तहत विशेषज्ञों की ओर से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर सिस्टम स्थापित करने के गुर सिखाए जाएंगे। साथ ही कैशलेस इकॉनामी के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी। तीन दिन में 200 से अधिक इवेंट का आयोजन कर लगभग 20 लाख रुपये के पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत पहले दिन कव्वाली और दूसरे दिन कामेडी नाइट का आयोजन होगा। अंतिम दिन 26 मार्च को बालीवुड सिंगर धमाल मचाएंगे। इससे पहले 24 मार्च को मुख्य अतिथि अंतरिक्ष केंद्र तिरुवनंतपुरम केरल के उपनिदेशक विक्रम साराभाई कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान केंद्रीय रेलमंत्री सुरेश प्रभु का रिकार्डेड भाषण भी होगा। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रो. डीके नौडियाल, डा. संजय उपाध्याय, अनंत प्रताप सिंह, आयुष निगम, शुभम सिंह आदि शामिल थे।