फेस बुक का कुछ लोग गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। रविवार को फिर से एक फर्जी फेस बुक आईडी बनाने का मामला सामने आया है। आईडी में एक युवती का नाम और फोटो है। जिसमें अश्लील फोटो डाले गए हैं। पुलिस ने युवती के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अंबर तालाब निवासी एक युवक ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया है कि किसी ने उसकी बहन के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बना रखी है। इस आईडी पर अश्लील फोटो डाले जा रहे हैं। साथ ही आईडी के माध्यम से अश्लील चेटिंग की जा रही है। जिसके कारण उनका पूरा परिवार परेशान है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने फर्जी आईडी बनाने वाले की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है। एसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि आरोपी का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।