एक ठग ने एटीएम बदलकर प्रधानाचार्य के खाते से 16 हजार रुपये की रकम उड़ा दी है। प्रधानाचार्य ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मामले की छानबीन करने की मांग की है।
राजकीय इंटर कालेज पोड़ोवाली खानपुर के प्रधानाचार्य पल्टूराम ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह 13 जुलाई को बालावाली तिराहे के समीप एटीएम से पैसे निकाल रहा था, लेकिन पैसे न निकलने पर उसने पास में खड़े एक युवक से पैसे निकालने में मदद मांगी।
युवक ने प्रयास करने के बाद एटीएम कार्ड वापस कर पैसे न निकलने का हवाला दिया जिसपर प्रधानाचार्य वहां से चला गया। लेकिन तीन दिन के अंदर उनके खाते से 16 हजार रुपये की रकम साफ हो गई। बाद में उन्हें पता चला कि उनका एटीएम कार्ड ही बदल दिया है। मामले की जानकारी करने पर पता चला कि 13 तारीख में उनका एटीएम ब्लाक था, लेकिन वह 24 घंटे के बाद अपने आप ही अन ब्लाक हो गया, जिस पर युवक ने खाते से 16 हजार रुपये की नगदी उड़ाई है। पल्टूराम ने पुलिस से जांच करने की गुहार लगाई है। कोतवाल जयदेव आर्य ने मामले की छानबीन करने का आश्वासन दिया है।