हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की टीम ने एक भवन और दो प्लाॅट को सील किया है। बिना नक्शा पास कराए भवन बनाया गया था। वहीं प्लाटिंग के लिए भी प्राधिकरण से कोई अनुमति नहीं ली गई है।
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को तांसीपुर बाईपास के पास बन रहे एक व्यवसायिक भवन का निरीक्षण किया। टीम ने भवन स्वामी से व्यवसायिक भवन का नक्शा मांगा लेकिन वो वह प्रस्तुत नहीं कर पाया। टीम ने भवन को सील कर दिया है। वहीं रामपुर में सोलानी नदी के पास हो रही प्लाटिंग को भी सील किया गया है। इसके अलावा मंगलौर-भगवानपुर फ्लाई ओवर के पास भी एक अवैध प्लाॅटिंग को सील किया गया है।
प्राधिकरण के सहायक अभियंता डीएस रावत ने बताया कि भवन स्वामी और प्लाॅटिंग करा रहे भूमि स्वामी को नोटिस जारी किया गया है। उन्हें दस्तावेजों के साथ कार्यालय तलब किया गया है। उन्होंने बताया कि यदि वह नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाते हैं तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अवर अभियंता संजीव अग्रवाल, रवि कुमार, गोविंद सिंह, सोहन व मनविंदर सिंह आदि मौजूद रहे।