दुकान से घर लौट रहे दो भाइयों पर तीन युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने सोने की चेन और कान की बाली भी छीन ली। भीड़ होने पर हमलावर घटनास्थल पर बाइक छोड़कर फरार हो गए। परिवार ने घायल भाइयों का अस्पताल में उपचार कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की है।
गंगनहर कोतवाली को मनोज लखानी निवासी रामनगर ने तहरीर देकर बताया कि वह अपने भाई के साथ रविवार रात दुकान से घर की ओर लौट रहा था। तभी रास्ते में रामनगर चौक के पास तीन युवक चौक पर खड़े होकर बात कर रहे थे। उन्होंने युवकों को सड़क किनारे होकर बात करने को कहा तो वह भड़क उठे और उन्होंने धारदार हथियार से उनपर हमला कर दिया।
हमले में दोनों भाई घायल हो गए। शोर होने पर कई लोग इकट्ठा होने लगे। इस बीच हमलावर सोने की चेन और कान की बाली छीनकर वहां से फरार हो गए। आननफानन परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्हें अस्पताल ले गए। इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। मौके पर मिली बाइक नंबर के आधार पर हमलावरों के बारे में पता लगाया जा रहा है।