एक महिला ने पति पर तीन तलाक देने और देवर पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि इसके बाद उसे ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति के खिलाफ तीन तलाक, देवर पर दुष्कर्म और आठ लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी महिला का निकाह वर्ष 2015 में थाना क्षेत्र निवासी युवक से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे परेशान करने लगे। वे दहेज के लिए प्रताड़ित करते और विरोध करने पर मारपीट करते थे। आरोप है कि एक दिन देवर ने घर पर अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने पति से शिकायत की तो उसने तीन बार तलाक बोलकर रिश्ता तोड़ लिया। वहीं, ससुरालियों से शिकायत की तो मारपीट की गई। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने शनिवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। एसएसआई देवराज शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर पर पति पर तीन तलाक, देवर पर दुष्कर्म और सास, ससुर, ननद समेत दस लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।