जन्मदिवस समारोह में गए भाई-बहन पर एक परिवार के लोगों ने हमलाकर दोनों को घायल कर दिया। आरोपी ने युवती के साथ बदसलूकी की। पुलिस ने नामजद पिता-पुत्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 19 अप्रैल को उनके चाचा के घर जन्मदिवस समारोह था। उनके भाई और बहन दोनों समारोह में गए थे। वहां गांव के ही एक व्यक्ति और उसके तीन पुत्र भी मौजूद थे। उन्होंने उनके भाई और बहन के साथ गाली-गलौज की। आरोपियों ने उनके भाई पर धारदार हथियार से वार किया। इस दौरान एक आरोपी ने बीच-बचाव करा रही उनकी बहन के साथ बदसलूकी की। आरोपियों ने धारदार हथियार और लोहे की रॉड से वार कर दोनों को घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने उन्हें बचाया। दोनों को अस्पताल लाया गया। वहां से गंभीर हालत में उन्हें हायर एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि तहरीर पर नामजद एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।