रुड़की। रेलवे की हीलाहवाली से सोमवार को डि-फेक्टिव पटरी से शताब्दी एक्सप्रेस गुजर गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। बाद में पथ निरीक्षक दल की नजर लाइन पर पड़ी तो आनन-फानन में पटरी बदली गई। इस दौरान कई ट्रेनों को 30 किलोमीटर तक कॉशन से गुजारा गया।
रुड़की रेलवे स्टेशन से आगे ढंडेरा के पास सोमवार को रेलवे पथ निरीक्षक कर्मी गश्त कर रहे थे। इस दौरान लगभग सवा 11 बजे ढंडेरा के पास लाइन डि-फेक्टिव मिली। इससे पहले सुबह 10.40 पर इसी लाइन से शताब्दी एक्सप्रेस गुजर गई। इसकी भनक अधिकारियों को लगी तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। साथ ही अहमदाबाद मेल, बांद्रा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों को 30 किलोमीटर तक कॉशन से निकाला गया। इसके बाद पटरी बदली गई। तब जाकर अधिकारियों के जान में जान आई। इस संबंध में रेल पथ निरीक्षक-पीडब्ल्यूआई विक्रम सिंह का कहना है कि निरीक्षण के दौरान लाइन मामूली रूप से डिफेक्टिव पाई गई थी। तत्काल प्रभाव से उसे बदल दिया गया है।
इनसेट
हीलाहवाली पड़ सकती है भारी
रेलवे में आए दिन हो रही हीलाहवाली किसी दिन यात्रियों पर भारी पड़ सकती है। बीते रोज रुड़की स्टेशन के यार्ड में मालगाड़ी के डिब्बे अलग होने के मामले में अधिकारियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारी इसे कोई चूक तक मानने को तैयार नहीं है। रुड़की स्टेशन के अधीक्षक एसके वर्मा का कहना है कि फ्यूल पंप अलग होने से गाड़ी अपने आप रुक जाती है। इसमें खतरे की कोई बात नहीं है। दूसरी ओर रेल पथ निरीक्षक विक्रम सिंह का भी कहना है कि मालगाड़ी की कपलिंग खुल जाना कोई गंभीर बात नहीं है। इस संबंध में न तो लिखित में कुछ दर्ज किया गया है और न कोई कार्रवाई की गई है।