पोस्टल सेवा पर सवाल उठाते हुए आईआईटी रुड़की के एक छात्र ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी है। आरोप लगाया कि स्पीड पोस्ट से पैक कर लैपटाप मंगाया गया था, लेकिन निर्धारित पते पर डिलीवरी में किताबें निकलीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार आईआईटी रुड़की का छात्र सुरेश मूलरूप से सिकंदराबाद का निवासी है। पुलिस को दी गई तहरीर में उसने बताया कि सिकंदराबाद में अपने घर से उसने लैपटॉप मंगाया था। परिजनों ने स्पीड पोस्ट के माध्यम से लैपटाप रुड़की आईआईटी में निर्धारित पते पर भेजा था, लेकिन यहां पैकेट में फटी पुराने किताबें मिली हैं। उसने बताया कि लैपटाप में उसके जरूरी डाटा थे, जिससे उसे काफी नुकसान हो सकता है। उसने पुलिस से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की गुहार लगाई है। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी एमएस नेगी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी। यह दिखवाया जाएगा कि वहां से भेजते समय पैकेट का वजन कितना था और यहां डिलीवरी के समय कितना निकला। इसके अलावा अन्य पहलुओं पर भी जांच की जाएगी।