रुड़की। साइबर ठग ने एक महिला के मोबाइल पर लिंक भेजकर खाते से हजारों रुपये साफ कर दिए। महिला के मोबाइल पर पैसे निकलने का मैसेज आया तो वह हैरान रह गई। महिला की ओर से पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामला जांच के लिए साइबर सेल हरिद्वार भेज दिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सुभाष नगर निवासी सुनीता ने बताया कि उनके पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन साड़ी बुक की थी। बताया कि उनकी साड़ी बुक हो गई और जल्द ही उनके पते पर पहुंच जाएगी। इस पर उन्होंने कोई भी साड़ी बुक नहीं कराने की बात कही। इस पर कॉल करने वाला अभद्रता करने लगा। बाद में उसने साड़ी कैंसिल कराने और लिंक भेजने की बात कही। कहा कि लिंक को खोलकर वह साड़ी कैंसिल करा दें। इसके बाद उसने लिंक मोबाइल पर भेजा। उन्होंने लिंक को खोला तो खाते से 17 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। महिला ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी। एसएसआई देवराज शर्मा ने बताया कि मामले को जांच के लिए साइबर सेल भेजा गया है।