रुड़की। मोबाइल टावर लगाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी से हमला कर दिया। इसमें एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों ने अस्पताल में पहुंचकर उपचार कराया। साथ ही कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत की।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित इमलीखेड़ा गांव में एक व्यक्ति अपनी जमीन में मोबाइल टावर लगवा रहा है। इसे लेकर दूसरा पक्ष विरोध कर रहा है। मोबाइल टावर को लेकर दो पक्षों में तनाव चला आ रहा है। इसे लेकर कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं। मंगलवार की सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में गाली गलौज हो गई। इसे लेकर दोनों पक्ष लाठी लेकर आ गए और हमला कर दिया। दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चली। इसमें एक महिला समेत दो लोगों के सिर फूट गए। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और विवाद शांत कराया। साथ ही घायलों का अस्पताल में उपचार कराया। इसके बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत की। साथ ही एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों का फटकार लगाने के बाद शांत कराया। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।