सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के बेलड़ा गांव में मामूली विवाद पर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से धारदार हथियार और लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट के दौरान महिलाएं भी झगड़े में शामिल हो गईं। घटना में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। घायल पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेलड़ा गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच मामूली विवाद हुआ लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों की महिलाएं भी मारपीट में शामिल हो गईं।
मारपीट के बीच छोटू नाम के युवक के सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। इसके बाद घायल पक्ष के लोग सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। कोतवाली प्रभारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद को लेकर मारपीट हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।