कोतवाली क्षेत्र के मेहवड़ कला गांव में दुकानों के सामने सबमर्सिबल लगाने पर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों के करीब छह लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
गांव निवासी विनय दुकानों के सामने सबमर्सिबल लगवा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। इसपर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों से हमला होने पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में एक पक्ष के प्रिंस, पूनम, बबली और अनिल घायल हुए जबकि दूसरे पक्ष के विनय, अलका और विशाल को भी चोटें आईं।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्रिंस और पूनम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि सबमर्सिबल लगाने के लिए दो पक्षों में विवाद हुआ है। घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।