एएसपी ने मकाऊ (तोता) के पंख काटने के मामले में एशियाड सर्कस मालिक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया है। एएसपी को शिकायत मिली थी कि सर्कस मालिक पक्षियों के पंख काटकर सर्कस में उनका प्रदर्शन कर रहा है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहनपुरा रेलवे फ्लाईओवर के पास एशियाड सर्कस लगा हुआ है। सर्कस में लोगों के मनोरंजन के लिए तरह-तरह के प्रदर्शन किए जा रहे हैं। हाल ही में एएसपी कुश मिश्रा को शिकायत मिली थी कि सर्कस में कुछ पक्षी और पशु भी हैं। इनमें तोता समेत अन्य पक्षियों के पंख काटकर उनसे प्रदर्शन कराया जा रहा है। शिकायत पर एएसपी ने मामले की जांच की। जांच में शिकायत सही पाई गई।
इस पर बुधवार को एएसपी कुश मिश्रा की ओर से एशियाड सर्कस मालिक के खिलाफ तहरीर दी गई। उनकी तहरीर पर कोतवाली में सर्कस मालिक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। एएसपी कुश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सर्कस मालिक को पशुओं और पक्षियों से क्रूरता करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।