कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लखनौता चौराहा स्थित एक पब्लिक स्कूल की पार्किंग से बाइक चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने मास्टर की का इस्तेमाल कर बाइक चुरा ली। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
सहारनपुर जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र के साल्हापुर गांव निवासी प्रियांशु जो वर्तमान में लखनौता पर स्थित एक पब्लिक स्कूल में गणित के शिक्षक हैं ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 मई को वह अपनी बाइक से स्कूल पहुंचे थे। सुबह करीब 9:40 बजे दो चोर स्कूल की पार्किंग में आए और मास्टर की का प्रयोग कर उनकी बाइक चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक बड़ी सफाई से बाइक चोरी करते नजर आ रहे हैं। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि शिक्षक प्रियांशु की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।