कस्बे में मस्जिद कट के पास रविवार सुबह टेंपो ट्रैवलर ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया। दुर्घटना के बाद से युवक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 11:30 बजे सिद्धार्थ (18) निवासी नन्हेड़ा अनंतपुर थाना भगवानपुर बाइक से जा रहा था। तभी रास्ते में हरिद्वार से आ रहे टेंपो ट्रैवलर ने युवक की बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना होती देख राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इस बीच खुद को लोगों से घिरता देखकर टेंपो ट्रैवलर का चालक फरार हो गया।
युवक को कस्बे के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से टेंपो ट्रैवलर और बाइक को कब्जे में लिया है। थाना प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मौके पर मिले वाहन पुलिस के कब्जे में हैं। पीड़ित परिवार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।