दिल्ली में जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में भीम आर्मी जय भीम के पूर्व प्रदेश प्रभारी दीपक सेठपुर ने शुक्रवार से लक्सर में अनशन शुरू कर दिया। उन्होंने दिल्ली में आंदोलनकारी छात्र - छात्राओं पर हुए लाठी चार्ज को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। साथ ही आंदोलनकारियों पर कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने की भी मांग की गई है।
एसडीएम को ज्ञापन देकर शुक्रवार से पांच दिवसीय अनशन आरंभ करने की चेतावनी दी गई थी। शुक्रवार को संगठन के पूर्व प्रदेश प्रभारी दीपक सेठपुर नगर के शिव चौक पर अनशन पर बैठ गए। कई कार्यकर्ता भी उनके समर्थन पर अनशन स्थल पर धरने पर बैठे। दीपक सेठपुर ने कहा कि पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी से युवाओं का भविष्य दांव पर लग रहा है।
एक महीने से दिल्ली में चल रहे शांतिपूर्ण आंदोलन में शामिल युवाओं पर जिस प्रकार बर्बर लाठीचार्ज किया गया वह दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता आंदोलन का समर्थन करता है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। 28 जुलाई तक वह अनशन करेंगे। इसके बाद भी इस्तीफा नहीं हुआ तो नई रणनीति के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान विनय प्रधान, सिताब सिंह, जोनी, जयंत, कपिल कुमार, सुरेश कुमार, शाहरुख अंसारी, जाहिद हसन, मानसी मौर्य, हजहारुल, राहुल पेगवाल, शशिकांत, सनम, डाॅ. संजय मौजूद रहे।
-