झबरेड़ा। बकाया गन्ना भुगतान और अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन अंबावत के कार्यकर्ताओं ने मिल गेट पर सांकेतिक धरना देकर मिल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा। मिल प्रबंधन ने किसानों की मांगों पर विचार कर उनके समाधान का आश्वासन दिया।
भारतीय किसान यूनियन अंबावत के नेतृत्व में शुगर मिल गेट पर मंगलवार की दोपहर सांकेतिक धरना दिया गया। जिलाध्यक्ष सागर सिंह ने कहा कि इकबालपुर शुगर मिल पर पिछले दो वर्ष का बकाया भुगतान चल रहा है। मिल प्रबंधन उसका समाधान शीघ्र कराए और मिल का आगामी पेराई सत्र जल्दी शुरू करवाने की घोषणा करे। मिल परिसर में गन्ना लेकर आने वाले किसानों को परेशानी से बचाने के लिए उनके लिए टोकन व्यवस्था लागू की जाए।
विधिक सेल के प्रदेश अध्यक्ष फरमान त्यागी ने कहा कि मिल में गन्ना लेकर आने वाले किसानों का सम्मान बरकरार रहना चाहिए। शुगर मिल के मुख्य महाप्रबंधक सुरेश शर्मा ने कहा कि गत वर्ष का भुगतान तुरंत देने का प्रयास चल रहा है। मिल के अंदर गन्ना लेकर आने वाले किसानों को कोई परेशानी न हो इसके लिए टोकन की व्यवस्था की जा रही है। इस दौरान आदिल फरीदी, सोहन त्यागी, सुलेमान, रमन कुमार, विपिन और जावेद आदि ने भी संबोधित किया।