ब्लॉक के पांच गांवों में स्थित तालाबों का मनरेगा के तहत अमृत सरोवर योजना से सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। योजना के तहत ब्लॉक के गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों में स्थित सभी तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए 30 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। पहले चरण में चुड़ियाला स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण का काम शुरू कर दिया गया है।
शुक्रवार को चुड़ियाला में भगवानपुर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी की मौजूदगी में तालाब के सौंदर्यीकरण के काम का शुभारंभ किया गया। बीडीओ जयेंद्र भारद्वाज ने बताया कि मनरेगा के तहत अमृत सरोवर योजना से भगवानपुर क्षेत्र में स्थित तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। योजना में ब्लॉक के पांच गांवों में स्थित तालाबों का चयन किया गया है। इन गांवों में चुड़ियाला, तेज्जुपुर, चौली शहाबुद्दीनपुर, सिरचंदी और मानकपुर आदमपुर शामिल हैं। इन पांचों गांवों के तालाबों के लिए 30 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस बजट से तालाबों की खुदाई के साथ की उसके चारों ओर फलदार और छायादार पेड़ लगाए जाएंगे। इसके अलावा जिन तालाबों पर लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ है उसे भी हटाया जाएगा। अतिक्रमण को लेकर कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में अतिक्रमण हटवाया जाएगा। शुक्रवार को चुड़ियाला स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण के काम शुरू किया गया। इस काम का शुभारंभ कुंजा बहादुरपुर और मानकपुर आदमपुर में स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों से कराया गया। बीडीओ ने बताया कि इन पांचों गांवों में तालाबों के सौंदर्यीकरण का काम किसी भी स्थिति में 30 अगस्त से पहले पूरा किया जाना है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं ऑनलाइन इन तालाबों का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर एबीडीओ महावीर सिंह, ग्राम विकास सचिव निर्मल सैनी, सचिन कुमार, राजेंद्र चौधरी आदि मौजूद थे।