सिविल अस्पताल स्थित जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र में बुधवार को दिव्यांगजनों के लिए निशुल्क उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एलिम्को कानपुर की ओर से और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से सीएसआर फंड के तहत 96 दिव्यांगजनों को बैटरी से चलने वाली ट्राई साइकिल और हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ रहे।
उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल प्रदान करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जिला द्वियांग एवं पुनर्वास केंद्र रुड़की (डीडीआरसी) में पिछले तीन महीनों से दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया जा रहा था। इस दौरान 200 से अधिक दिव्यांगजनों ने उपकरण प्राप्त करने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 96 लाभार्थियों को इस शिविर में बैटरी चालित ट्राई साइकिल दी गई।
डीडीआरसी के प्रबंधक तनवीर आलम ने बताया कि जिन दिव्यांगजनों को इस बार उपकरण नहीं मिल पाए हैं उन्हें आगामी दिनों में आयोजित होने वाले शिविर में कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इस दौरान सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ़ एके मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी मनोज नवानी, समाज कल्याण अधिकारी सुबोध शर्मा, सहायक समाज कल्याण अधिकारी संध्या शर्मा, एलिम्को से अथॉरिटी हेड मिनराल कुमार, हिमाचल, अजय, डीडीआरसी से आसिफ, सुरेश चौहान, प्रमोद कुमार, अंजली सैनी, साक्षी सैनी आदि मौजूद रहे।