मालगाड़ी से चावल के बोरे चोरी करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी
- फोटो : amarujala
रायसी स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी से सील तोड़कर लोगों ने चावल के सौ से अधिक कट्टे पर हाथ साफ कर दिया। बाद में हरकत में आई आरपीएफ ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही दस कट्टे चावल बरामद करने का दावा किया है। आरपीएफ की ओर से देर शाम मामले में केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार दो दिन पहले बरौनी एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया था। इस कारण एक मालगाड़ी को रायसी में रोककर उसके इंजन को लक्सर लाकर बरौनी एक्सप्रेस से छोड़ा गया और बरौनी एक्सप्रेस को लक्सर से रवाना किया गया। इसके बाद से मालगाड़ी पिछले दो दिन से रायसी रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। इस दौरान रायसी क्षेत्र के कुछ लोगों ने मालगाड़ी के डब्बों की सील तोड़कर चावल के सैकड़ों कट्टे साफ कर दिए। लक्सर आरपीएफ को जैसे ही मामले की जानकारी लगी तो उन्होंने मौके पर जाकर मामले की जानकारी ली। आरपीएफ पुलिस ने छानबीन छानबीन में रायसी के एक आढ़ती से चावल भी बरामद किया। पुलिस ने मामले में रायसी के एक आढ़ती व दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद देर शाम आढ़ती को तो छोड़ दिया है, लेकिन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। धरे गए युवकों में फूल कुमार पुत्र दिलेराम और जयप्रकाश पुत्र विश्वंभर निवासी नैतवाला लक्सर शामिल हैं। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार अवस्थी का कहना है कि चावल चोरी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं कुछ चावल भी बरामद कर लिया गया है।
आरपीएफ की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
लक्सर। मालगाड़ी से चावल के कट्टे चुराने के मामले में दो आरोपियों को तो गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन एक आढ़ती को छोड़ दिया गया, जिसके पास से चावल के कट्टे बरामद किए गए हैं। इससे आरपीएफ की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब आढ़ती के यहां से चोरी के कट्टे बरामद किए गए हैं तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए थी। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार अवस्थी का कहना है कि आढ़ती के पास से चोरी हुआ चावल बरामद हुआ है, लेकिन वह चावल सरकारी कट्टों में न होकर साधारण बोरे में था। चोरी करने वाले लोगों ने सरकारी कट्टों से चावल साधारण कटटे में डालकर आढ़ती को बेचा था। इस कारण आढ़ती को मामले के बारे में कुछ पता नहीं था।