रुड़की। शादी समारोह में घुसे तीन युवकों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए दुल्हन के पिता से बैग लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर युवकों ने धक्कामुक्की कर दी और फरार हो गए। मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों ने युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया। पीड़ित की ओर से पुलिस से मौखिक शिकायत की गई है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित नेहरू नगर निवासी डॉ. रतनलाल सैनी पूर्व पशु चिकित्सक हैं। शुक्रवार रात उनकी बेटी की रामनगर हाईवे किनारे स्थित एक बैंक्विट हाल में शादी थी। शादी में बराती और घराती शामिल थे। इसी बीच समारोह में तीन अनजान युवक घुस आए। युवकों ने रतन लाल सैनी को जिस तरफ अंधेरा था, उस तरफ जाते देखा। तीनों युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और हाथ से नोटों से भरा बैग छीनने लगे। उन्होंने विरोध किया तो युवकों ने धक्कामुक्की शुरू कर दी।
इसके बाद भी उन्होंने हाथ से बैग नहीं छोड़ा और शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोगों को आते देख युवक धक्का देकर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने जानकारी ली और युवकों की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। वहीं, धक्का देने से जमीन पर गिरे दुल्हन के पिता के सिर में हल्की चोट आ गई। उन्हें रात में ही उपचार दिलाया गया। उन्होंने पुलिस से मौखिक शिकायत की है। उधर, कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।
--
शादी में घुसते हैं मेहमान बनकर
शादी का सीजन शुरू हो गया है। लिहाजा ऐसी घटनाएं होने की आशंका भी बढ़ गई है। शादी में लोगों की भीड़ को देखकर बदमाश मेहमान बनकर घुस आते हैं। इसके बाद वह मौका पाकर दुल्हन या दूल्हे के कमरे में घुसकर चोरी की घटना अंजाम दे देते हैं। ऐसे में सावधानी ही घटनाओं से बचने का सही तरीका है।