कस्बे के एक स्कूल की भूमि पर मंगलवार को दिन दहाड़े कुछ लोगों ने कब्जे का प्रयास किया। मैदान में पंपिंग सेट से पानी पहुंचाकर जोतने की तैयारी थी। विरोध होने पर आरोपी अपनी कार छोड़कर फरार हो गए। स्कूल के प्रधानाचार्य ने एक भाजपा नेता पर कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए भगवानपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी।
भगवानपुर में बीडी इंटर कालेज का काफी दूर तक फैला हुआ अपना खेल मैदान है। एक भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य की ओर से इस जमीन पर अपना मालिकाना हक का दावा किया जा रहा है। मंगलवार को कुछ लोग कार में मैदान पर पहुंचे और पंपिंग सेट जोड़कर नजदीक के तालाब से मैदान की जुताई के लिए पानी भर दिया। इसकी भनक स्कूल प्रबंधन को लग गई। आसपास के लोग भी मैदान पर पहुंच गए और इसका विरोध करने लगे। हंगामा होने पर आरोपी अपनी कार छोड़कर भाग खड़े हुए।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी लेते हुए कार कब्जे में ली। प्रधानाचार्य संजय गर्ग ने भाजपा नेता के खिलाफ कब्जे के प्रयास की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि 10 दिन पहले भी भाजपा नेता ने स्कूल पहुंचकर जमीन पर अपना दावा ठोका था।