कोर्ट के आदेश पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
सब्जी विक्रेता ने लगाया मारपीट कर बेहोश करने का आरोप, जांच शुरू
घर में घुसकर मारपीट करने और मजदूरी की रकम छीनने के मामले में रुड़की कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रुड़की कोतवाली क्षेत्र के गांव जौरासी निवासी सोमवीर ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह सब्जी बेचने का काम करता है। आरोप है कि एक अगस्त की शाम वह काम खत्म कर घर पहुंचा था। इसी दौरान बलबीर पक्ष के लोग उसके घर में घुस आए और आते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी थी।
आरोपियों ने उसके परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट की। सोमवीर के अनुसार, हमले के दौरान उसके साथ इतनी मारपीट की गई कि वह बेहोश हो गया था। हमलावर उसकी दिनभर की मजदूरी की रकम भी छीनकर ले गए थे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए थे। लोगों की भीड़ बढ़ती देख आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पीड़ित ने मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस से गुहार लगाई थी लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पोपिंद्र, संजय, अमन और बलबीर निवासी जौरासी जबरदस्तपुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।