नरोजपुर गांव में खेत की मेड़ पर लगे वृक्षों के लिए दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। एक परिवार के लोगों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से लैस होकर दूसरे पक्ष के घर हमला कर दिया। हमले में दो सगे भाई घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चार पिता-पुत्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के नरोजपुर गांव निवासी फातिमा ने तहरीर में बताया कि 10 फरवरी को गांव के ही आरोपी असलम के साथ उनके परिजनों की खेत की मेड़ पर लगे वृक्षों को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश में 18 फरवरी को आरोपी जमशेद और जमशेद के पुत्र असलम, इमरान व सुहैल लोहे की रॉड और लाठी डंडे लेकर उनके घर में घुस आए।
हमलावरों ने उनके पुत्र सावेज के सिर पर लोहे की रॉड से हमला करके उसे लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर अपने भाई को बचाने आए उनके दूसरे पुत्र सुल्तान पर भी लोहे की रॉड और लाठी से हमला कर दिया गया। इससे उनके दोनों पुत्र घायल हो गए। आसपास के लोगों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।