बिंडूखड़क गांव में हुए झगड़े में घायल हुई महिला का रुड़की सिविल अस्पताल में उपचार करते चिकित्सक?
- फोटो : ROORKEE
बिंडुखड़क गांव में उपले पाथने की जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि धारदार हथियार से हमले में चार लोग घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र स्थित गांव बिंडुखड़क में सरकारी भूमि खाली पड़ी है। इस पर गांव के ही मुकेश पक्ष की महिलाएं उपले पाथती हैं। आरोप है कि रविवार को मुकेश के परिवार की महिलाएं उपले पाथ रही थीं। इसी बीच दूसरे पक्ष के दो लोग मौके पर पहुंचे और विरोध किया। साथ ही जमीन पर कूड़ा डाल दिया। इस पर महिलाओं ने विरोध किया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी। शोर सुनकर पहुंचे महिलाओं के परिवार के लोगों ने बीचबचाव कराया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें मुकेश, उनकी पत्नी अनीता, पुत्र आदित्य और पुत्री मानसी घायल हो गए। इन्हें आननफानन सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां अनीता की हालत गंभीर बनी हुई है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।