फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर निगम में ठेकेदार पर दो बदमाशों ने किया हमला

विज्ञापन
विज्ञापन
रुड़की। नगर निगम में बैठे एक ठेकेदार पर दिनदहाड़े दो बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले ठेकेदार को पीछे से धक्का दिया और फिर कुर्सी उठाकर सिर पर दे मारी। बचाव में ठेकेदार ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर चलाने के लिए लोड किया तो बदमाश घबराकर सभागार से होकर फरार हो गए। बाहर प्रत्यक्षदर्शियों ने पहले से बाइक लेकर तैयार खड़े एक व्यक्ति के पीछे बैठकर बदमाशों को फरार होते हुए देखा। सूचना पर सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने निगम पहुंचकर मौका मुआयना किया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना को हाल ही में जारी करीब तीन करोड़ के टेंडर से जोड़कर देखा जा रहा है।
विज्ञापन

घटनाक्रम के अनुसार, ठेकेदार संजय गुप्ता उर्फ नीलू बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे नगर निगम में सड़कों के कार्यों के लिए जारी करीब तीन करोड़ के टेंडर लेने पहुंचे थे। इस दौरान वह कार्यालय अधीक्षक के कमरे के बाहर बालकनी में पार्षद और अन्य लोगों के साथ बैठकर चाय पी रहे थे। इसी बीच सभागार से जुड़े संकरे दरवाजे से होकर दो बदमाश बालकनी में पहुंचे। उन्होंने ठेकेदार को पीछे से धक्का दे दिया और फिर वहां रखी कुर्सी उनके ऊपर दे मारी। कोई कुछ समझ पाता कि ठेकेदार अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर उसे लोड करते हुए बदमाशों की तरफ घूमे तो वे उल्टे पांव भागने लगे। ठेकेदार ने सभागार की सीढ़ियों से नीचे उतरते हुए बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे भाग निकले। अचानक मची भगदड़ से नगर निगम में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी राजेश साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मेयर दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर खंगाली, लेकिन कोई खास जानकारी हाथ नहीं लगी। कोतवाली प्रभारी राजेश साह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
--
पांच मई से खराब पड़े हैं निगम के कैमरे
घटना के बाद पुलिस ने निगम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो पता चला कि पांच मई के बाद से कैमरे खराब हैं। यदि कैमरे सही होते तो बदमाशों को पकड़ने में मदद मिल सकती थी। दूसरी ओर, पुलिस को उस बाइक के बारे में कुछ सुराग मिले हैं, जिससे बदमाश फरार हुए थे। इंस्पेक्टर राजेश साह ने बताया कि बाइक के बारे में कुछ जानकारी हासिल हुई है, जिसे ट्रेस किया जा रहा है। कई अन्य जानकारियां भी हासिल हुई हैं। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें