रुड़की गंगनहर कोतवाली में एकता गैस एजेंसी के गोदाम पर फायरिंग मामले में फरार गाजियाबाद निवासी आ?
- फोटो : ROORKEE
एकता गैस एजेंसी के गोदाम पर फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे बदमाश चीनू पंडित के गुर्गे के घर की पुलिस ने कुर्की कर सामान जब्त कर लिया। आरोपी ने चीनू के इशारे पर अपने एक साथी के साथ मिलकर गोदाम पर फायरिंग की थी।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सलेमपुर में एकता गैस एजेंसी के गोदाम पर नौ सितंबर को बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की थी। एक गोली हरियाणा निवासी ट्रक चालक सुरेंद्र के पांव में जा लगी थी। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए सद्दाम निवासी बिजनौर, मुकुल त्यागी निवासी इकबालपुर, अनुज निवासी मंडावली, नारसन और चीनू के भाई मोनू निवासी रुड़की को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि घटना के पीछे जेल में बंद चीनू पंडित का हाथ है। चीनू ने आकाश त्यागी हत्याकांड के गवाह को डराने के लिए गोली चलवाई थी। घटना में चीनू का भाई मोनू शर्मा भी शामिल था, जबकि सद्दाम उर्फ हकला ने गोली चलाई थी और उसके साथ अमित निवासी गाजियाबाद भी था, जो अभी तक फरार है। पुलिस ने कई बार दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चला। एसएसआई देवराज शर्मा ने बताया कि गाजियाबाद पहुंचकर आरोपी अमित के घर की कुर्की कर सामान जब्त कर लिया है। सामान गंगनहर कोतवाली में रखवा दिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है।