बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार/बहादराबाद। कोतवाली क्षेत्र में एटीएम में कैमिकल डालकर आग लगाने के बाद 14 लाख 18 हजार 400 रुपये की नकदी से भरा कैश कैसेट गायब करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, कंपनी के फील्ड ऑफिसर प्रवीन चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी कंपनी एसबीआई के एटीएम के रखरखाव और नकदी लोडिंग का काम करती है। 15 नवंबर की सुबह सफाई कर्मचारी ने एटीएम में आग लगने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचकर जांच की तो पूरा एटीएम क्षतिग्रस्त मिला। मशीन से कैश कैसेट भी गायब था। कंपनी के रिकॉर्ड और कैश लोडिंग लॉग के अनुसार, कैसेट में 14,18,400 रुपये की नकदी मौजूद थी।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। अब तक की जांच में सामने आया है कि एटीएम में कैमिकल डालकर आग लगाई गई थी। इसके बाद कुछ नोट जल गए थे। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।