गैंगवार में बाबू की हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार के इनामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में शामिल एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
भगवानपुर क्षेत्र के प्रेमराजपुर में 24 जून को गैंगवार में कुनाल उर्फ बाबू निवासी सुनहरा की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आठ नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था। साथ ही सात मुख्य आरोपी रोहित राणा समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हत्या के मामले में फरार चल रहे बाहुबली उर्फ अमन निवासी रुहालकी दयालपुर पर 10 हजार इनाम की घोषणा की गई थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि रविवार रात बाहुबली को रुहालकी दयालपुर में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में शामिल मक्खी उर्फ सोनू निवासी ग्राम कोटा, जिला सहारनपुर को भी कस्बे के पास से गिरफ्तार किया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।