मंगलौर। पवित्र हज यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। 14 जनवरी से फरवरी माह के अंत तक हज पर जाने के लिए आवेदन जमा किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र राज्य हज समिति के सदस्यों के पास उपलब्ध है तथा हज हाउस कलियर शरीफ से भी हज के आवेदन पत्र प्राप्त किए जा सकते हैं।
वर्ष 2016 की हज यात्रा के लिए केंद्रीय हज समिति ने आवेदन पत्र 14 जनवरी से आमंत्रित करने शुरू कर दिए हैं। आवेदन पत्र जमा करने के लिए फरवरी के अंत की तिथि रखी गई है। इस संबंध में राज्य हज समिति के सदस्य मौलाना सिब्ते हसन व काजी आमिर हुसैन ने संयुक्त रूप से बताया कि इस बार हज पर जाने वाले यात्रियों का कोटा भी बढ़ने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी से लेकर फरवरी के अंत तक आवेदन पत्र हज हाउस कलियर शरीफ में जमा करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि हज यात्रा समिति की ओर से दो श्रेणियों में कराई जाती है। एक अजीजया दूसरी ग्रीन अजीजया। अजीजया की हज यात्रा करने के लिए आवेदक को लगभग एक लाख 80 हजार रुपये खर्च करने होंगे। जबकि ग्रीन श्रेणी की यात्रा के लिए दो लाख पांच हजार के लगभग खर्च करने पडे़ंगे। उन्होंने बताया कि हज के आवेदन फार्म उपलब्ध हैं जो लोग हज यात्रा के लिए आवेदन करना चाहते हैं वह आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। हज हाउस पिरान कलियर शरीफ से भी हज के लिए आवेदन पत्र प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि हज आवेदन पत्र के साथ अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट की छायाप्रति लगाना आवश्यक है।