प्रदेश सरकार की नंदा गौरा योजना का लाभ लेने के लिए रुड़की के शहरी क्षेत्र की बालिकाएं कम रुचि दिखा रहीं हैं। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है लेकिन शहर में अब तक केवल नौ बालिकाओं ने ही आवेदन किया है। इसके उलट ग्रामीण क्षेत्रों में योजना को लेकर छात्राओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
नंदा गौरा योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से 12वीं पास पात्र छात्राओं को 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इस राशि का उद्देश्य बालिकाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी शिक्षा और सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र छात्राएं ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
विभाग की ओर से आवेदन के लिए ऑनलाइन पोर्टल भी उपलब्ध कराया गया है। छात्राएं (www.nandagaurauk.in) पर जाकर आवेदन कर सकती हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। ऐसे में पात्र छात्राओं के पास आवेदन करने के लिए अभी समय है। ग्रामीण क्षेत्रों में योजना को लेकर अधिक आवेदन किए जा रहे हैं जबकि रुड़की के शहरी क्षेत्र में आवेदन की संख्या काफी कम है।
सीडीपीओ कृष्ण कुमार ने बताया कि शहरी क्षेत्र की पात्र बालिकाओं तक योजना के लिए जागरूक किया जा रहा है ताकि कोई भी पात्र छात्रा जानकारी के अभाव में योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। अंतिम तिथि से पहले अधिक से अधिक पात्र छात्राओं को आवेदन करवाए जाएंगे।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
नंदा गौरा योजना के आवेदन के लिए दो पासपोर्ट साइज फोटो, 10वीं और 12वीं शैक्षिक प्रमाणपत्र, माता-पिता व छात्रा के हस्ताक्षर, आधारकार्ड, पैन कार्ड, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, गृह कर, आय प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर, बिजली के बिलाें की प्रति, मात्र दो बालिकाओं के लिए ही एफिडेविट, बैंक पासबुक, बैंक स्टेट मेंट और आंगनबाड़ी कार्यकर्ती से प्रदत्त प्रमाणपत्र आदि।