जमीन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में सिविल लाइन कोतवाली पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी ने धोखाधड़ी से प्राप्त रकम अपने बैंक खाते में जमा कराई थी। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
ज्वालापुर निवासी संजीव कुमार ने 19 दिसंबर 2024 को सिविल लाइन कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों ने जमीन बेचने के नाम पर उससे लाखों रुपये की ठगी की। आरोपियों में से एक ने स्वयं को भूमि स्वामी बताकर उसे झांसे में लिया था। मामले की जांच कर रहे वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राठी ने दो माह पूर्व अजय कुमार उर्फ पिंकू निवासी पीतपुरा, लक्सर को गिरफ्तार किया था।
जानकारी के आधार पर पुलिस ने बाद में रणबीर निवासी पीतपुरा, लक्सर को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच को आगे बढ़ाते हुए बृहस्पतिवार को पुलिस ने इस्लाम निवासी मुस्तफाबाद उर्फ पदार्थ, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि धोखाधड़ी से प्राप्त रकम इस्लाम के खाते में जमा कराई गई थी। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।