अंकित हत्याकांड में गिरफ्तार चार आरोपियों से पुलिस ने गहनता से पूछताछ की। पुलिस आरोपियों को क्राइम सीन पर लेकर गई और साक्ष्य जुटाए। पूछताछ में एक आरोपी के पूर्व में भी हत्या के मामले में जेल जाने की बात सामने आई है। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। वहां से आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुरी और सौंपरी गांव निवासी अंकित चौहान दो अगस्त की रात को संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया था। परिजनों की सूचना पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। तलाश के दौरान कुछ जानकारी हाथ लगने पर पुलिस ने अंकित के ही गांव में रहने वाले आरोपी सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित उर्फ फौजी को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अवैध खनन की सूचना पुलिस को देने की रंजिश में अंकित की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसका शव उसकी बाइक के साथ बांधकर गंगा में फेंकने की बात स्वीकार की थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाकर मंगलवार को अंकित का शव और बाइक गंगा से बरामद कर ली थी। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों ने हत्याकांड के संबंध में गहनता से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस आरोपियों को क्राइम सीन पर भी लेकर गई और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अंकित खानपुर थाने से हत्या के एक मामले में पहले भी जेल जा चुका है। आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। बुधवार को चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।