कोतवाली पुलिस ने नारसन क्षेत्र में गोवंश तस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से क्रूरतापूर्ण तरीके से ले जाए जा रहे तीन गोवंश बरामद किए हैं। उन्हें लोडर वाहन में लादा गया था।
बुधवार सुबह करीब पांच बजे उपनिरीक्षक आनंद मेहरा अपनी टीम के साथ नारसन चौकी क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए तैनात थे। नारसन आरटीओ चेकपोस्ट पर तैनात परिवहन सहायक निरीक्षक प्रदीप सैनी ने सूचना दी कि एक बोलेरो पिकअप को निर्माण धर्मकांटे पर रोकने का प्रयास किया गया लेकिन चालक नहीं रुका।
इसके बाद नारसन खुर्द कट पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर वह तिरपाल से ढका हुआ मिला। अंदर तीन गोवंशीय पशु क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे। उनके पास चारे-पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। पुलिस पूछताछ में चालक ने अपना नाम मुन्तजीर निवासी ग्राम बढेड़ी राजपुताना, थाना बहादराबाद बताया।
पकड़े गए आरोपी मुन्तजीर ने पुलिस को बताया कि यह गोवंश शकील निवासी ग्राम बेलडा (कोतवाली रुड़की) ने धबेड़ी मंडी से उसकी गाड़ी में लदवाए थे। वह इन पशुओं को छिपाकर बेलडा ले जा रहा था। आरोपी के पास वाहन और पशुओं से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं थे।
मौके पर बुलाए गए पशुचिकित्साधिकारी डॉ. सत्य विकास ने तीनों गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण किया। पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी मुन्तजीर को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश कर दिया है।